; राजभर और शिवपाल के बाद सपा विधायकों में यशवंत सिन्हा के खिलाफ गुस्सा
राजभर और शिवपाल के बाद सपा विधायकों में यशवंत सिन्हा के खिलाफ गुस्सा

लखनऊ। राष्ट्रपति चुनाव में समाजवादी पार्टी के संस्थापक मुलायम सिंह यादव के खिलाफ विपक्ष के संयुक्त प्रत्याशी यशवंत सिन्हा के अपमानजनक बयान को लेकर विधायकों में आक्रोश है। इसे लेकर सपा के कुछ मुस्लिम विधायक देर रात तक अखिलेश यादव से मुलाकात करने वाले हैं। उनका कहना है कि यशवंत सिन्हा अपना बयान वापस लें, नहीं तो उन्हें वोट देने पर विचार करना पड़ेगा।

राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) की प्रत्याशी द्रोपदी मुर्मू के समर्थन में विपक्ष के कई नेताओं के आने के कारण प्रदेश में राष्ट्रपति चुनाव काफी रोचक हो गया है। सुभासपा नेता ओम प्रकाश राजभर और सपा विधायक शिवपाल सिंह यादव के बाद सपा के कुछ अन्य विधायकों में विपक्ष के संयुक्त उम्मीदवार के खिलाफ जबरदस्त गुस्सा है। ऐसे में राष्ट्रपति चुनाव में विपक्ष की एकता तार-तार हो गई है और सपा मुखिया अखिलेश यादव के फैसले पर सवालिया निशान लगाए जा रहे हैं।

बयान वापस लें, नहीं तो वोट देने पर करेंगे विचार

राष्ट्रपति चुनाव में सपा संस्थापक मुलायम सिंह यादव के खिलाफ अपमानजनक बयान को लेकर सपा विधायकों में आक्रोश

सपा के कुछ मुसलिम विधायक देर रात तक अखिलेश यादव से कर सकते हैं मुलाकात


सूत्रों के मुताबिक शहजिल इसलाम और आशु मलिक आदि विधायकों ने मुलायम सिंह यादव के खिलाफ अपमानजनक टिप्पणी को लेकर गहरी नाराजगी जाहिर की है और वह इस मुद्दे को लेकर आज रात तक अखिलेश यादव से मुलाकात करने वाले हैं। उन्होंने यशवंत सिन्हा से बयान वापस लेने की मांग की है। साथ ही कहा है कि यदि यशवतं सिन्हा अपना बयान वापस नहीं लेते हैं, तो उन्हें वोट देने के बारे में सोचना होगा।

राष्ट्रपति चुनाव में सपा की अपरिपक्वता आई सामने
राष्ट्रपति चुनाव में सपा की अपरिपक्वता उसके फैसलों से खुलकर सामने आ गई है। सपा की ओर से विपक्ष के संयुक्त उम्मीदवार यशवंत सिन्हा के लखनऊ आने पर हुई बैठक में शिवपाल सिंह यादव और सुभासपा नेता ओम प्रकाश राजभर को नहीं बुलाया गया और न ही सपा की ओर से इनके वोट के लिए बात की गई। जिस कारण दोनों नेताओं ने राजग प्रत्याशी का समर्थन किया है। माना जा रहा है कि विपक्ष के कुछ और विधायक राजग प्रत्याशी को वोट दे सकते हैं।

News Reporter
पंकज चतुर्वेदी 'नमामि भारत' वेब न्यूज़ सर्विस में समाचार संपादक हैं। मूल रूप से गोंडा जिले के निवासी पंकज ने अपना करियर अमर उजाला से शुरू किया। माखनलाल लाल चतुर्वेदी पत्रकारिता विश्वविद्यालय से पत्रकारिता में परास्नातक पंकज ने काफी समय तक राष्ट्रीय राजधानी में पत्रकारिता की और पंजाब केसरी के साथ काम करते हुए राष्ट्रीय राजनीति को कवर किया है। लेकिन मिट्टी की खुशबू लखनऊ खींच लाई और लोकमत अखबार से जुड़कर सूबे की सियासत कवर करने लगे। 2017 में पंकज ने प्रिंट मीडिया से इलेक्ट्रॉनिक मीडिया की तरफ रुख किया। उत्तर प्रदेश के प्रतिष्ठित चैनल न्यूज वन इंडिया से जुड़कर पंकज ने प्रदेश की राजनीतिक हलचलों को करीब से देखा समझा। 2018 से मार्च 2021 तक जनतंत्र टीवी से जुड़े रहें। पंकज की राजनीतिक ख़बरों में विशेष रुचि है इसीलिए पत्रकारिता की शुरुआत से ही पॉलिटिकल रिपोर्टिंग की तरफ झुकाव रहा है। वह उत्तर प्रदेश की राजनीति की बारीक समझ रखते हैं।
error: Content is protected !!