; प्रदेश भाजपा का दिल्ली के विभिन्न स्थानों पर नई आबकारी नीति के खिलाफ हस्ताक्षर अभियान - Namami Bharat
प्रदेश भाजपा का दिल्ली के विभिन्न स्थानों पर नई आबकारी नीति के खिलाफ हस्ताक्षर अभियान

रिहायशी इलाकों में नई शराब की दुकानें खोलना बच्चों और महिलाओं की सुरक्षा को खतरे में डालना है-मीनाक्षी लेखी

नई आबकारी नीति के खिलाफ हमारे आंदोलन को भरपूर जन समर्थन मिल रहा है-आदेश गुप्ता

भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष श्री आदेश गुप्ता की अगुवाई में आज दिल्ली भाजपा ने विभिन्न स्थानों से केजरीवाल सरकार की नई आबकारी नीति के खिलाफ हस्ताक्षर अभियान की शुरुआत की। दिल्ली के कनॉट प्लेस स्थित प्राचीन हनुमान मंदिर से इस अभियान की शुरुआत करते हुए केंद्रीय राज्य मंत्री श्रीमती मीनाक्षी लेखी एवं प्रदेश भाजपा अध्यक्ष श्री आदेश गुप्ता की उपस्थिति में हज़ारों कार्यकर्ताओं ने नई आबकारी नीति के खिलाफ हस्ताक्षर अभियान में भाग लिया। 31 दिसंबर तक चलने वाले इस अभियान के द्वारा भाजपा लगभग 15 लाख लोगों तक पहुंचेगी और उनके द्वारा किए गए हस्ताक्षर को महामहीम राष्ट्रपति को सौंपेगी ताकि केजरीवाल की जनविरोधी आबकारी नीति को वापस लिया जा सके।

श्रीमती मीनाक्षी लेखी ने कहा कि दिल्ली के रिहायशी इलाकों में शराब खोलना किसी भी तरह से सही नहीं है। अपनी जेब भरने के लिए केजरीवाल इतने लालची हो गए हैं कि आज उन्हें सही और गलत की पहचान तक नहीं है। यही अरविंद केजरीवाल हैं जो महिला सुरक्षा को लेकर बड़ी-बड़ी बातें करते थे और अभी भी दूसरे राज्यों में जाकर लोगों को झूठी तसल्ली दे रहे हैं लेकिन क्या दिल्ली के रिहायशी इलाकों में शराब के ठेके खोलने से महिला एवं बच्चे सुरक्षित महसूस करेंगे, इस पर केजरीवाल ने एक बार भी नहीं सोचा।

श्रीमती लेखी ने कहा कि दिल्ली में शराब बांटने वाले केजरीवाल पंजाब में जाकर शराब बंदी की वकालत कर रहे हैं। आम आदमी पार्टी की नींव जो साल 2013 में रखी गई थी, उसे दिल्लीवाले साल 2025 में फेंकने वाले हैं। अरविंद केजरीवाल के जनविरोधी नीतियों और घोटालों के खिलाफ चाहे वह डीटीसी बस घोटाला हो या फिर जलबोर्ड घोटाला हो, आवाज उठाने पर केस कर दिया जाता है और डराया धमकाया जाता है लेकिन केजरीवाल के इस तानाशाही से भाजपा डरने वाली नहीं है।

प्रदेश भाजपा अध्यक्ष श्री आदेश गुप्ता ने कहा कि आज का हस्ताक्षर अभियान का उद्देश्य दिल्ली की पूरी जनता को जगाना है और बताना भी है कि केजरीवाल सरकार जो यह कहते थे कि दिल्ली के अंदर कोई भी शराब की दुकान खोलेंगे तो वहां कि आरडब्ल्यूए और महिला संगठनों से अनुमति लेंगे या राय लेंगे लेकिन आज बिना राय या अनुमति लिए 850 दुकानें खोलने की तैयारी चल रही है और कई दुकानें खोल भी दी गई है। उन्होंने कहा कि राजघाट से हमने आंदोलन की शुरुआत की थी और अब यह प्रदेश के सभी मोर्चों के कार्यकर्ता  के साथ और ज्यादा बृहद रुप से पूरे दिल्ली में होगा।

श्री आदेश गुप्ता ने कहा कि भाजपा द्वारा नई आबकारी नीति के खिलाफ हमारे आंदोलन को जन समर्थन मिल रहा है। आज महिलाएं, आरडब्ल्यूए और व्यापारी वर्ग का साथ मिल रहा है। आज दिल्ली का एक भी व्यक्ति नहीं चाहता कि वह जहां अपने परिवार के साथ घरेलू बाजार करने जाते हों वहां शराब के ठेके हो।जहां-जहां भी शराब की दुकानें खोली गई हैं, वहां का माहौल खराब हुआ है और साथ ही बाजार पर भी इसका व्यापक प्रभाव पड़ा है। उन्होंने कहा कि दिल्ली के अंदर 70 प्रतिशत ऐसे इलाकों में शराब की दुकानें खोली जा रही हैं जहां निगम के नियमों और मास्टर प्लान का उलंघन किया गया है। ऐसे में तीनों निगम ने उन सभी दुकानों को नोटिस देना और उन्हें सील करने का काम भी शुरु कर दिया है।    

श्री गुप्ता ने कहा कि 15 लाख लोगों का हस्ताक्षर अभियान कराकर ज्ञापन के साथ हम महामहीम राष्ट्रपति को सौपेंगे। क्योंकि दिल्ली में अगर नई आबकारी नीति पूरी तरह से लागू कर दी गई तो रिहायशी इलाकों में बच्चों और महिलाओं को बाहर निकलने में भी परेशानी होगी। आज कनॉट प्लेस स्थिति हनुमान मंदिर के पास आयोजित हस्ताक्षर अभियान में प्रदेश भाजपा मीडिया प्रमुख श्री नवीन कुमार जिंदल, महिला मोर्चा की प्रदेश भाजपा अध्यक्ष श्रीमती योगिता सिंह, भाजपा महिला मोर्चा प्रदेश महामंत्री डॉ. मोनिका पंत एवं उपाध्यक्ष श्रीमती रेणू सिंह के साथ जिला अध्यक्ष श्री प्रशांत शर्मा एवं अन्य कार्यकर्ता भी मौजूद थे।

आज दिल्ली के प्रमुख 23 जगहों पर हुए इस हस्ताक्षर अभियान की शुरुआत के मौके पर नेता प्रतिपक्ष श्री रामवीर सिंह बिधूड़ी, प्रदेश महामंत्री एवं कार्यक्रम के संयोजक श्री हर्ष मल्होत्रा, प्रदेश महामंत्री श्री कुलजीत सिंह चहल एवं श्री दिनेश प्रताप सिंह, प्रदेश कोषाध्यक्ष श्री विष्णु मित्तल, भाजपा सांसद श्री रमेश बिधूड़ी एवं श्री प्रवेश साहिब सिंह, पूर्व प्रदेश अध्यक्ष श्री विजय गोयल, श्री सतीश उपाध्याय एवं श्री विजेन्द्र गुप्ता, प्रदेश उपाध्यक्ष श्री अशोक गोयल देवराहा, श्री वीरेन्द्र सचदेवा, श्री राजन तिवारी, श्री सुनील यादव, श्रीमती बरखा सिंह, श्री जयवीर राणा एवं श्री कर्म सिंह कर्मा, भाजपा विधायक श्री अजय महावर, श्री ओम प्रकाश शर्मा, श्री अनिल वाजपेयी, श्री जितेन्द्र महाजन एवं श्री मोहन सिंह बिष्ट ने भी कार्यकर्ताओं को संबोधित किया।

News Reporter
पत्रकारिता के क्षेत्र में अपना करियर बनाने वाली निकिता सिंह मूल रूप से उत्तर प्रदेश के आजमगढ़ से ताल्लुक रखती हैं पिछले कुछ सालों से परिवार के साथ रांची में रह रहीं हैं और अब देश की राजधानी दिल्ली में अपनी सेवा दे रहीं हैं। नेशनल ब्रॉडकास्टिंग अकादमी से पत्रकारिता में स्नातक करने के बाद निकिता ने काफी समय तक राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली के न्यूज़ पोर्टल्स में काम किया। उन्होंने अपने कैरियर में रिपोर्टिंग से लेकर एंकरिंग के साथ-साथ वॉइस ओवर में भी तजुर्बा हासिल किया। वर्त्तमान में नमामि भारत वेब चैनल में कार्यरत हैं। बदलती देश कि राजनीती, प्रशासन और अर्थव्यवस्था में निकिता की विशेष रुचि रही है इसीलिए पत्रकारिता की शुरुआत से ही आम जन मानस को प्रभावित करने वाली खबरों पर पैनी नज़र रखती आ रही हैं। बेबाकी से लिखने के साथ-साथ खाने पीने का अच्छा शौक है। लोकतंत्र के चौथे स्तंभ में योगदान जारी है।
error: Content is protected !!