
पेट्रोल और डीजल की बढ़ती कीमतों पर पत्रकारवार्ता को सम्बोधित करते हुये दिल्ली भाजपा अध्यक्ष मनोज तिवारी ने मुख्यमंत्री पर हमला बोलते हुए कहा कि इस समय दिल्ली झूठ का अखाड़ा बनी हुई है। दिल्ली के मुख्यमंत्री लगातार झूठ पर झूठ बोलकर जनता को गुमराह कर रहे हैं। देश में तेल के दाम बढ़ रहे हैं क्योंकि अंतर्राष्ट्रीय बाजार में तेल की कीमतें बढ़ी हैं। लेकिन दिल्ली के मुख्यमंत्री इस पर गंदी राजनीति कर रहे हैं। दिल्ली सरकार ने पिछले दो वर्षों में वैट 15 प्रतिशत से बढ़ाकर 27 प्रतिशत कर दिया। हालात यह है कि दिल्ली के लोग पड़ोसी राज्यों में तेल भरवाने के लिए जाते हैं। केन्द्र सरकार ने पेट्रोल और डीजल की कीमतों में 2.5 रूपये प्रति लीटर कम किये हैं और केन्द्र सरकार द्वारा पेट्रोल और डीजल पर टैक्स के रूप में जो राशि प्राप्त की जाती है उसका 42 प्रतिशत हिस्सा भी राज्य सरकारों के पास जाता है। केन्द्र सरकार के आग्रह पर अधिकांश भाजपा शासित राज्यों ने पेट्रोल और डीजल की कीमतों में कमी की है।मोदी सरकार ने देश के 125 करोड़ लोगों के लिए 2.50 रूपये प्रति लीटर कीमत कम की लेकिन यह दिल्ली का दुर्भाग्य है कि केजरीवाल सिर्फ ट्वीटर एवं टीवी चैनलों पर बाइट देते हैं लेकिन दिल्ली के लगभग दो करोड़ लोगों की कोई चिंता नहीं है। मैं दिल्ली के मुख्यमंत्री से मांग करता हूँ कि कम से कम टैक्स में 5 रूपये प्रति लीटर पेट्रोल और डीजल के दामों में कमी करना चाहिये। पेट्रोल-डीजल किसी जाति और धर्म से जुड़ा नहीं होता। ट्वीटर पर बहस करने से कोई फायदा नहीं होगा।
इस मौके पर राजेश भाटिया, तीनों निगमों के महापौर आदेश गुप्ता, बिपिन बिहारी सिंह एवं नरेन्द्र चावला, मीडिया सह-प्रभारी नीलकांत बक्शी, मीडिया प्रमुख अशोक गोयल उपस्थित रहे।