; चंडीगढ़ के नतीजे से पूरे पंजाब के अंदर आम आदमी पार्टी की लहर- अरविंद केजरीवाल - Namami Bharat
चंडीगढ़ के नतीजे से पूरे पंजाब के अंदर आम आदमी पार्टी की लहर- अरविंद केजरीवाल

*- पंजाब का चुनाव जीतने के बाद चंडीगढ़ के अंदर शपथ ग्रहण करने के लिए आएंगे- अरविंद केजरीवाल*

*- चंडीगढ़ में हमें इतना अच्छा काम करना है कि चंडीगढ़ को देख कर बाकी देश की जनता भी आम आदमी पार्टी को वोट दे- अरविंद केजरीवाल*

*- अगर किसी वोटर ने कांग्रेस, भाजपा या अकाली दल को वोट दिया है, तो उसका ज्यादा काम करो, ताकि अगली बार हमें वोट दे- अरविंद केजरीवाल*

*- चंडीगढ़ नगर निगम चुनाव में पहली बार उतरी आम आदमी पार्टी के 14 पार्षद जीतने पर ‘आप’ संयोजक अरविंद केजरीवाल ने विजय यात्रा निकाल कर जनता का किया धन्यवाद*

*- विजय यात्रा के दौरान ‘आप’ संयोजक अरविंद केजरीवाल ने अपने सभी पार्षदों को चंडीगढ़ के लोगों की तन-मन और धन से सेवा करने की शपथ दिलाई*

*- सभी ‘आप’ पार्षदों ने ली शपथ, ‘‘मैं कभी भी अपने चंडीगढ़ परिवार से और आम आदमी पार्टी से गद्दारी नहीं करूंगा, अगर ऐसा करूं, तो चंडीगढ़ के लोग मेरे को दोबारा वोट न देना’’*

चंडीगढ़ नगर निगम के नतीजे से पूरे पंजाब के अंदर आम आदमी पार्टी की लहर दौड़ गई है और अब पंजाब का चुनाव जीतने के बाद चंडीगढ़ के अंदर शपथ ग्रहण करने के लिए आएंगे। हमें चंडीगढ़ में इतना अच्छा काम करना है कि चंडीगढ़ को देख कर बाकी देश की जनता भी आम आदमी पार्टी को वोट दे। अगर किसी वोटर ने कांग्रेस, भाजपा या अकाली दल को वोट दिया है, तो उसका ज्यादा काम करो, ताकि अगली बार हमें वोट दे। ‘आप’ संयोजक एंव दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने चंडीगढ़ में आज विजय यात्रा के दौरान यह बातें कहीं। इस दौरान ‘आप’ संयोजक अरविंद केजरीवाल ने अपने सभी पार्षदों को चंडीगढ़ के लोगों की तन-मन और धन से सेवा करने की शपथ भी दिलाई। ‘आप’ के सभी पार्षदों ने शपथ ली कि मैं कभी भी अपने चंडीगढ़ परिवार से और आम आदमी पार्टी से गद्दारी नहीं करूंगा। अगर ऐसा करूं, तो चंडीगढ़ के लोग मेरे को दोबारा वोट न देना। उल्लेखनीय है कि आम आदमी पार्टी चंडीगढ़ नगर निगम चुनाव में पहली बार उतरी थी, जिसमें सबसे अधिक ‘आप’ के 14 पार्षद चुने गए हैं।

जब से चंडीगढ़ के नतीजे आए हैं, सारे देश में लोग कह रहे हैं कि हो तो सकता है, इनको हराया तो जा सकता है- अरविंद केजरीवाल

आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक एवं दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल आज सुबह चंडीगढ़ पहुंचे और ‘विजय यात्रा’ निकाल कर चंडीगढ़ नगर निगम में आम आदमी पार्टी को सबसे अधिक 14 वार्ड में जीत दिलाने के लिए चंडीगढ़ के निवासियों का धन्यवाद किए। यह विजय यात्रा चंड़ीगढ़ के अरोमा होटल से सेक्टर-22-23 रेड लाइट तक निकाली गई। विजय यात्रा को संबोधित करते हुए ‘आप’ संयोजक अरविंद केजरीवाल ने कहा कि चंडीगढ़ वालों ने कमाल कर दिया। आपने चमत्कार कर दिया, आपने पूरे देश का दिल जीत लिया। जब से चंडीगढ़ के नतीजे आए हैं, सारे देश में लोग कह रहे हैं कि हो तो सकता है। इनको हराया तो जा सकता है। इन दोनों पार्टियों को पहले दिल्ली वालों ने हराया और अब चंडीगढ़ वालों ने इन दोनों पार्टियों को हरा दिया। आज मैं पूरे चंडीगढ़ के एक-एक नागरिक का शुक्रिया यदा करने के लिए आया हूं कि आपने जो हमारे उपर भरोसा किया है, इस भरोसे को और मजबूत करेंगे और हम लोग इस भरोसे को कभी भी टूटने नहीं देंगे। आपने जो प्यार और मोहब्बत दिया है, यह हर दिन दोगुना-चौगुना होता जाएगा। हम इस प्यार को कम नहीं होने देंगे और आपके विश्वास को कभी टूटने नहीं देंगे। 

जैसे दिल्ली को बदला, अब चंडीगढ़ को भी बदलना है- अरविंद केजरीवाल

‘आप’ संयोजक अरविंद केजरीवाल ने कहा कि हमारे जिन पार्षदों को यहां की जनता ने चुना है, उन सभी से मैं कहना चाहता हूं कि यह आसान बात नहीं है। यह दोनों पार्टियां बहुत पुरानी पार्टियां हैं। कांग्रेस सवा सौ साल पुरानी पार्टी है और भाजपा भी बहुत पुरानी पार्टी है। इनके जितने बड़े-बड़े नेता थे। चंडीगढ़ की जनता ने अगर उन सारे बड़े-बड़े दिग्गज नेताओं को हराया है और आपके उपर विश्वास किया है, तो अब आपकी रात-दिन, तन-मन-धन से 24 घंटे चंडीगढ़ के लोगों की सेवा करना, आपकी जिम्मेदारी बनती है। आज चंडीगढ़ ने दिल्ली के काम देख कर वोट दिया है। चंडीगढ़ के लोगों ने देखा कि दिल्ली में बड़ा अच्छा काम हो रहा है। दिल्ली में इन्होंने बहुत अच्छा काम किया है। दिल्ली में इन्होंने स्कूल, अस्पताल, बिजली और पानी ठीक कर दिया। इसीलिए इनको चंडीगढ़ में मौका दो। दिल्ली हमें पहला राज्य मिला था और चंडीगढ़ हमें पहली म्युनिसिपल कॉरपोरेशन मिली है। जैसे- दिल्ली को देख-देख कर बाकी और जगह वोट मिल रहा है, अब चंडीगढ़ में हमें इतना अच्छा काम करना है कि चंडीगढ़ को देख-देख कर बाकी देश की जनता हम लोगों को वोट दे।

हमें सबका काम करना है और किसी में भेदभाव नहीं करना है, चाहे वो भाजपा, कांग्रेस या अकाली दल का ही क्यों न हो – अरविंद केजरीवाल

‘आप’ संयोजक अरविंद केजरीवाल ने आम आदमी पार्टी के सभी ऑफिस बेयरर और पार्षदों से कहा कि चुनाव के वक्त राजनीति होती है और अब चुनाव खत्म हो गया है। अब चाहे कोई भाजपा का है, चाहे कांग्रेस का है या फिर अकाली दल का है, वे सारे हमारे हैं। किसी में भेदभाव नहीं करना है। आम आदमी पार्टी को 14 सीट मिली, भाजपा को 12 सीट मिली। कांग्रेस को 8 और अकाली दल को एक सीट मिली। ये सारे भाजपा, कांग्रेस और अकाली दल वाले भी अपने ही हैं। हमें सबका काम करना है। हमें यह नहीं सोचना है कि यह तो दूसरी पार्टी का है। इसी तरह, किसी वोटर ने कांग्रेस को वोट दिया है, तो हमें उसका ज्यादा काम करना है, ताकि अगली बार वो हमें वोट दे। अगर कोई अकाली दल या भाजपा का है, उसने अगर भाजपा को वोट दिया है, तो उसका ज्यादा काम करो, ताकि भाजपा वाला अगली बार हमें वोट दे। चंडीगढ़ को वापस सबसे खूबसूरत शहर बनाना है। चंडीगढ़ के अस्पताल, स्कूल और सड़कें सब कुछ ठीक करने हैं। 

‘आप’ संयोजक अरविंद केजरीवाल ने अपने सभी पार्षदों को चंडीगढ़ के लोगों की तन-मन और धन से सेवा करने की शपथ दिलाई

‘आप’ संयोजक अरविंद केजरीवाल ने विजय यात्रा के दौरान मौजूद पार्टी के सभी 14 पार्षदों को मौजूद जनता के समक्ष शपथ भी दिलाई। ‘आप’ संयोजक अरविंद केजरीवाल ने शपथ दिलाई, ‘‘मैं, ईश्वर की कसम खाता हूं कि चंडीगढ़ के लोगों की तन-मन और धन से पूरी तरह सेवा करूंगा। जो विश्वास चंडीगढ़ के लोगों ने मुझ पर किया है, उसे कभी टूटने नहीं दूंगा। मैं पूरी ईमानदारी से काम करूंगा। मैं कभी रिश्वत नहीं लूंगा। कोई गलत काम नहीं करूंगा और ना किसी को गलत काम करने दूंगा। 

आम आदमी पार्टी मेरी ‘‘मां’’ के समान है। चंडीगढ़ के लोग मेरा ‘‘परिवार’’ हैं। चंडीगढ़ के लोगों ने मेरी पार्टी और मुझे वोट देकर जो भरोसा किया है, इसे कभी नहीं तोड़ूंगा। मैं कभी आम आदमी पार्टी छोड़कर नहीं जाउंगा। कभी भी मेरे चंडीगढ़ परिवार से और आम आदमी पार्टी से गद्दारी नहीं करूंगा। अगर ऐसा करूं, तो चंडीगढ़ के लोग मेरे को दोबारा वोट न देना।’’ विजय यात्रा के दौरान इस तरह शपथ दिलाने का कार्य भारत के इतिहास में पहली बार हो रहा है। इस शपथ पत्र को हर घर में भी बांटेंगे। मुझे पूरा यकीन है कि चंडीगढ़ के नतीजे से पूरे पंजाब के अंदर लहर दौड़ गई है। मैं उम्मीद करता हूं कि अब अगली बार चंडीगढ़ के अंदर शपथ ग्रहण के लिए आएंगे। पंजाब का चुनाव जीतने के बाद चंडीगढ़ के अंदर शपथ ग्रहण करने के लिए आएंगे।

News Reporter
पत्रकारिता के क्षेत्र में अपना करियर बनाने वाली निकिता सिंह मूल रूप से उत्तर प्रदेश के आजमगढ़ से ताल्लुक रखती हैं पिछले कुछ सालों से परिवार के साथ रांची में रह रहीं हैं और अब देश की राजधानी दिल्ली में अपनी सेवा दे रहीं हैं। नेशनल ब्रॉडकास्टिंग अकादमी से पत्रकारिता में स्नातक करने के बाद निकिता ने काफी समय तक राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली के न्यूज़ पोर्टल्स में काम किया। उन्होंने अपने कैरियर में रिपोर्टिंग से लेकर एंकरिंग के साथ-साथ वॉइस ओवर में भी तजुर्बा हासिल किया। वर्त्तमान में नमामि भारत वेब चैनल में कार्यरत हैं। बदलती देश कि राजनीती, प्रशासन और अर्थव्यवस्था में निकिता की विशेष रुचि रही है इसीलिए पत्रकारिता की शुरुआत से ही आम जन मानस को प्रभावित करने वाली खबरों पर पैनी नज़र रखती आ रही हैं। बेबाकी से लिखने के साथ-साथ खाने पीने का अच्छा शौक है। लोकतंत्र के चौथे स्तंभ में योगदान जारी है।
error: Content is protected !!