दिल्ली में आज सीजन की सबसे ठंडी सुबह, अभी और सताएगी ठंड

दिल्ली समेत पूरे उत्तर भारत में इन दिनों सर्दी का कहर जारी है। एक ओर जहां पहाड़ी क्षेत्रों में बर्फबारी व बारिश जारी है, वहीं मैदानी क्षेत्रों में भी कोहरे और शीतलहर शुरू हो गई है। उत्तर भारत के कई शहरों में शनिवार(18 दिसंबर) को तापमान में रिकॉर्ड कमी दर्ज की गई है। आज सुबह मैदानी क्षेत्रों में चूरू का तापमान सबसे कम रहा जो माइनस में पहुंच गया वहीं अमृतसर में 0.7 डिग्री तापमान दर्ज किया गया है।

दिल्ली में शनिवार की सुबह इस सीजन की सबसे ठंडी सुबह के रूप में दर्ज की गई है। आज राजधानी का न्यूनतम तापमान 6.0 डिग्री दर्ज किया गया जो इस सीजन का सबसे कम तापमान है। इससे पहले बीते रविवार को न्यूनतम तापमान 6.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था।

पहाड़ों पर बर्फबारी से मैदानों की हवा बर्फीली हो चली है। इधर झारखंड और बिहार में हाड़कंपाने वाली ठंड शुरू हो गई है। पंजाब, हरियाणा, पश्चिमी उत्तर प्रदेश, गुजरात के कुछ हिस्सों और राजस्थान में अगले 4 से 5 दिन में शीतलहर चल सकती है।

मौसम विभाग की मानें तो उत्तर प्रदेश में शनिवार से शीतलहर की शुरुआत हो गई है।अगले एक-दो दिन में इसके कारण ठंड बढ़ सकती है. शुरुआत में पश्चिमी यूपी में इसका प्रभाव नजर आएगा।कई शहरों में कोहरा छा सकता है।

बिहार में अगले कुछ दिनों में पारे के और नीचे जाने की आशंका है. राजधानी पटना और गया समेत कुछ जिलों का हाल तो ऐसा है कि वहां न्यूनतम तापमान दहाई के नीचे पहुंच गया है। अगले कुछ दिनों में खासतौर पर रात के तापमान में 2-3 डिग्री तक की कमी की संभावना मौसम विभाग ने व्‍यक्‍त की है।

झारखंड में ठंड अभी और बढ़ेगी। फिलहाल राहत मिलने की उम्मीद नहीं है. मौसम विभाग ने पूर्वानुमान जारी किया है कि राज्य में हजारीबाग, रामगढ़, लोहरदगा और सरायकेला-खरसांवा जिले में न्यूनतम तापमान सात से आठ डिग्री सेसि के बीच रह सकता है। शेष जिलों में न्यूनतम तापमान नौ से 10 डिग्री के बीच रहने की उम्मीद है।

हिमाचल प्रदेश में पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होते ही शुक्रवार को मनाली शहर और भरमौर मुख्यालय में सीजन की पहली बर्फबारी हुई। राजधानी शिमला पूरी तरह से शीतलहर की चपेट में आ गया है। शुक्रवार तड़के संजौली और नारकंडा में बर्फ के फाहे गिरे। पर्यटन स्थल कुफरी फिर सफेद हो गया। डलहौजी के लक्कड़ मंडी, डायनकुंड, कोठी और रोहतांग भी बर्फ से लकदक हो गए हैं। मैदानी जिलों में धुंध पड़ने से वाहनों की आवाजाही सुबह और शाम के समय प्रभावित हो रही है। न्यूनतम तापमान गिरने से सड़कों पर पानी जमने लगा है। शुक्रवार को केलांग में अधिकतम तापमान भी माइनस में पहुंच गया है। शुक्रवार को केलांग में अधिकतम तापमान माइनस 4.1 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड हुआ। मौसम विज्ञान केंद्र शिमला ने शनिवार को मौसम साफ रहने की संभावना जताई है। 21 दिसंबर तक प्रदेश के सभी क्षेत्रों में धूप खिली रहने का पूर्वानुमान है।

News Reporter
पत्रकारिता के क्षेत्र में अपना करियर बनाने वाली निकिता सिंह मूल रूप से उत्तर प्रदेश के आजमगढ़ से ताल्लुक रखती हैं पिछले कुछ सालों से परिवार के साथ रांची में रह रहीं हैं और अब देश की राजधानी दिल्ली में अपनी सेवा दे रहीं हैं। नेशनल ब्रॉडकास्टिंग अकादमी से पत्रकारिता में स्नातक करने के बाद निकिता ने काफी समय तक राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली के न्यूज़ पोर्टल्स में काम किया। उन्होंने अपने कैरियर में रिपोर्टिंग से लेकर एंकरिंग के साथ-साथ वॉइस ओवर में भी तजुर्बा हासिल किया। वर्त्तमान में नमामि भारत वेब चैनल में कार्यरत हैं। बदलती देश कि राजनीती, प्रशासन और अर्थव्यवस्था में निकिता की विशेष रुचि रही है इसीलिए पत्रकारिता की शुरुआत से ही आम जन मानस को प्रभावित करने वाली खबरों पर पैनी नज़र रखती आ रही हैं। बेबाकी से लिखने के साथ-साथ खाने पीने का अच्छा शौक है। लोकतंत्र के चौथे स्तंभ में योगदान जारी है।
error: Content is protected !!