; आम आदमी पार्टी के वरिष्ठ नेता और बुराड़ी विधायक संजीव झा बने पार्टी के बिहार प्रभारी - Namami Bharat
आम आदमी पार्टी के वरिष्ठ नेता और बुराड़ी विधायक संजीव झा बने पार्टी के बिहार प्रभारी

आम आदमी पार्टी ने बुराड़ी से विधायक संजीव झा को बिहार राज्य का प्रभारी नियुक्त किया है। साथ ही उन्हें दिल्ली पूर्वांचल फ्रंटल का प्रभारी भी बनाया गया है। ‘आप’ संयोजक अरविंद केजरीवाल ने ट्वीट कर संजीव झा को बिहार राज्य का प्रभारी बनाए जाने पर बधाई और शुभकामनाएं दी है। वहीं, बिहार का प्रभारी बनाए जाने पर संजीव झा ने कहा कि मैं पूरी कोशिश करूंगा कि बिहार में आम आदमी पार्टी संगठन का काम तेजी से और मजबूती के साथ चले।

मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने आज ट्वीट कर ‘आप’ विधायक संजीव झा को बधाई और शुभकामनाएं दी हैं। साथ ही, कैबिनेट मंत्री गोपाल राय ने भी ट्वीट कर बुराड़ी के विधायक संजीव झा को बिहार राज्य और दिल्ली पूर्वांचल संगठन का प्रभारी नियुक्त होने पर शुभकामनाएं दी है।

बिहार राज्य और दिल्ली पूर्वांचल फ्रंटल के प्रभारी नियुक्त होने पर विधायक संजीव झा ने कहा कि मैं आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक और दिल्ली के मुख्यमंत्री आदरणीय अरविंद केजरीवाल जी का धन्यवाद करता हूं कि उन्होंने मुझे बिहार राज्य के प्रभारी के तौर पर जिम्मेदारी दी है। मैं पूरी कोशिश करूंगा कि बिहार में आम आदमी पार्टी संगठन का काम तेजी से और मजबूती के साथ चले। 

*विधायक संजीव झा के बारे में-*

*प्रारंभिक जीवन और शिक्षा-*
संजीव झा का जन्म 01 अगस्त 1979 को बिहार के मधुबनी जिले में स्थित सुंदरपुर बिठी गांव में एक हिंदू परिवार में हुआ था। संजीव झा अपने पिता स्वर्गीय सुशील झा और माता गायत्री देवी की 4 संतानों में से तीसरे नंबर पर आते हैं। इनका परिवार मैथिल ब्राह्मण समुदाय से है।

संजीव झा के पिता भारत संचार निगम लिमिटेड (बीएसएनएल) के कर्मचारी थे। संजीव झा ने अपनी स्कूली शिक्षा मधुबनी के एम.वाई.एन. हाईस्कूल शाम्भौर से की। बाद में उन्होंने वर्ष 2001 में बीए (ऑनर्स) की पढ़ाई करने के लिए मधुबनी जिले के आर.के. कॉलेज में एडमिशन लिया। 

*सक्रियता-*
विधायक संजीव झा वर्ष 2007 की शुरुआत में कई सामाजिक कार्यकर्ताओं के साथ विभिन्न एंवायरोमेंटल मूवमेंट में हिस्सा लिए, जिसमें उन्होंने पूर्वी दिल्ली स्लम क्षेत्र में गरीब बच्चों के लिए पढ़ाना शुरू किया।

संजीव झा वर्ष 2011 में अन्ना हजारे और अरविंद केजरीवाल द्वारा शुरू किए गए भ्रष्टाचार विरोधी आंदोलन में शामिल हुए और आईएसी युवा मंच का गठन किया। आईएसी ने जन लोकपाल बिल को अधिनियमित करने की मांग की, जिसके परिणाम स्वरूप एक मजबूत लोकपाल होगा। उन्होंने 2012 में अरविंद केजरीवाल जी के साथ निर्भया मूवमेंट का भी नेतृत्व किया।

*राजनीतिक कैरियर-*
‘आप’ विधायक संजीव झा ने वर्ष 2012 की शुरुआत में छात्र युवा संघर्ष समिति (सीवाईएसएस) के गठन में अहम भूमिका निभाई। 2012 के अंत में आम आदमी पार्टी (आप) के गठन के बाद, संजीव झा को दिसंबर 2013 के दिल्ली विधानसभा चुनाव में बुराड़ी निर्वाचन क्षेत्र से विधानसभा सदस्य के रूप में चुना गया। उन्होंने भारतीय जनता पार्टी के उम्मीदवार श्री कृष्ण त्यागी को 10,351 मतों से हराया था। उन्होंने जिला विकास समिति (मध्य जिला) का चेयरमैन रहकर भी लोगों की सेवा की।

इसके बाद, फरवरी 2015 में दिल्ली विधानसभा के चुनाव हुए, जिसमें आम आदमी पार्टी ने ऐतिहासिक जीत दर्ज की। इस दौरान भी संजीव झा बुराड़ी निर्वाचन क्षेत्र से 67,950 से अधिक मतों से (दिल्ली में दूसरा सबसे अधिक मार्जिंग) दूसरी बार विधानसभा सदस्य चुने गए। इसके बाद उन्हें आम आदमी पार्टी द्वारा बिहार और झारखंड के प्रवक्ता और प्रभारी के रूप में नियुक्त किया गया। 2016 में दिल्ली सरकार ने उन्हें परिवहन संसदीय सचिव नियुक्त किया। 2018 में उन्होंने दिल्ली विधान सभा में वर्तमान रूलिंग पार्टी के महासचिव के साथ-साथ दिल्ली विधानसभा के जिला विकास समिति (केंद्रीय जिला), लोक लेखा समिति, शिक्षा संबंधी स्थायी समिति के चेयरमैन के तौर पर भी कार्य किया। बाद में वे स्टेट ट्रांसपोर्ट अथॉरिटी के सदस्य और नॉर्थ एमसीडी के मनोनीत सदस्य नियुक्त किए।

वर्ष 2020 के दिल्ली विधानसभा चुनाव में उन्होंने जेडीयू प्रत्याशी को 88,158 वोटों से हराया। यह दिल्ली में अब तक के इतिहास में सबसे अधिक मतों के अंदर से किसी भी विधानसभा प्रत्याशी द्वारा दर्ज की गई जीत थी। अब उन्हें दिल्ली जल बोर्ड का सदस्य नियुक्त किया गया है। वह दिल्ली विधानसभा की सरकारी आश्वासन समिति के अध्यक्ष भी रहे हैं।

News Reporter
Vikas is an avid reader who has chosen writing as a passion back then in 2015. His mastery is supplemented with the knowledge of the entire SEO strategy and community management. Skilled with Writing, Marketing, PR, management, he has played a pivotal in brand upliftment. Being a content strategist cum specialist, he devotes his maximum time to research & development. He precisely understands current content demand and delivers awe-inspiring content with the intent to bring favorable results. In his free time, he loves to watch web series and travel to hill stations.
error: Content is protected !!