![अब पुलिस की वर्दी में दिखेंगी हिमा दास, जारी रहेगा एथलेटिक्स करियर](https://www.namamibharat.com/wp-content/uploads/2021/02/hima-das-768x385.jpg)
2018 के एशियाई खेलों में स्वर्ण पदक जीत भारत का नाम रौशन करने वालीं स्प्रिंटर हिमा दास को आधिकारिक रूप से असम पुलिस में शामिल किया गया है। इस मौके पर असम के मुख्यमंत्री सर्बानंद सोनोवाल ने उन्हें बैज लगाकर सम्मानित किया। सम्मान पाकर हिमा दास ने कहा ‘मैं असम पुलिस का हिस्सा बनकर सम्मानित महसूस कर रही हूं। मैं केंद्रीय मंत्री किरेन रिजिजू का समर्थन करती हूं।’
बता दें असम पुलिस में हिमा को शामिल किए जाने का फैसला दो हफ्ते पहले किया गया था। केंद्रीय युवा मामलों और खेल मंत्री किरेन रिजिजू ने 11 फरवरी को कहा कि असम सरकार द्वारा राज्य में उप पुलिस अधीक्षक के रूप में नियुक्त करने का निर्णय लेने के बाद भी हिमा दास देश के लिए खेलना जारी रखेंगी। बताया जा रहा है कि हिमा की पोस्टिंग गुवाहाटी में होगी।
अंतरराष्ट्रीय ट्रैक इवेंट में स्वर्ण पदक जीतने वाली हिमा दास पहली भारतीय एथलीट हैं। 21 साल की हिमा दास फिलहाल नेताजी सुभाष नेशनल इंस्टीट्यूट ऑफ स्पोर्ट्स, पटियाला में आगामी टोक्यो ओलंपिक योग्यता के लिए जोर-शोर से तैयारी कर रही हैं।
IAAF वर्ल्ड U20 चैंपियनशिप में ट्रैक इवेंट के किसी भी प्रारूप में स्वर्ण पदक जीतने वाली हिमा दास पहली भारतीय एथलीट बनीं थी। जब उन्होंने 51.46 सेकंड में रेस पूरी कर ली थी। हिमा ने 2019 में पांच गोल्ड मेडल जीते थे। उन्होंने 20 जुलाई, 2019 को नोव मेस्टो एथलेटिक्स मीट में पांचवां पदक जीता था। उन्होंने अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करते हुए 400 मीटर दौड़ पूरी करने के लिए 52.09 सेकंड का समय लियाा था। यही नहीं हिमा ने टैबोर एथलेटिक मीट में भी 200 मीटर में स्वर्ण पदक जीता था।