; हरियाणा: आंदोलनकारी महिला किसानों को ट्रक ने रौंदा, तीन की मौत - Namami Bharat
हरियाणा: आंदोलनकारी महिला किसानों को ट्रक ने रौंदा, तीन की मौत

हरियाणा के बहादुरगढ़ में गुरुवार की सुबह एक बड़ा हादसा हो गया। एक तेज रफ्तार ट्रक ने महिला किसान प्रदर्शनकारियों को रौंद दिया। इस दर्दनाक घटना में तीन बुजुर्ग महिलाओं की जान चली गई और तीन अन्य महिलाओं की हालत गंभीर बताई जा रही है। वहीं मौके पर पुलिस ने पहुंचकर मामले की जांच शुरू कर दी है।

जानकारी के मुताबिक यह घटना आज सुबह साढ़े 6 बजे के आसपास की बताई जा रही है। जिसमें झज्जर रोड पर बुजुर्ग महिलाएं डिवाइडर पर बैठी हुई थीं। इतने में एक तेज रफ्तार ट्रक उन्हें रौंदते हुए आगे निकल गया। इस हादसे में दो महिलाओं की घटनास्थल पर ही मौत हो गई जबकि एक महिला ने अस्पताल में इलाज के दौरान दम तोड़ दिया।

हादसे में जिन तीनों महिलाओं की जान गई है, वो सभी पंजाब के मानसा जिले की रहने वालीं हैं। जानकारी के अनुसार महिलाएं सुबह अपने घर जाने के लिए ऑटो का इंतजार करते हुए डिवाइडर पर बैठी थीं। तभी झज्जर रोड पर फ्लाइओवर के नीचे तेज रफ्तार ट्रक ने उन्हें कुचल दिया। हादसे की खबर पाते ही मौके पर पुलिस पहुंची।

बता दें कि केंद्र सरकार द्वारा पारित तीन नए कृषि कानूनों के खिलाफ नवंबर 2020 से दिल्ली बॉर्डर पर किसान संगठनों का विरोध प्रदर्शन चल रहा है। इसी आंदोलन से तीनों महिलाएं भी जुड़ी थीं।

इस घटना पर कांग्रेस के पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष राहुल गांधी ने संवेदना प्रकट करते हुए लिखा, “भारत माता- देश की अन्नदाता- को कुचला गया है। ये क्रूरता और नफ़रत हमारे देश को खोखला कर रही है। मेरी शोक संवेदनाएं।”

बता दें कि इससे पहले यूपी के लखीमपुर खीरी में भी विरोध प्रदर्शन कर रहे किसानों को महिंद्रा थार से कुचलने का मामला सामने आया था। जिसमें 4 किसानों की मौत हो गई थी। इसके बाद भड़की हिंसा में तीन भाजपा कार्यकर्ता और एक पत्रकार की मौत हो गई थी। इस मामले में केंद्रीय गृह राज्य मंत्री अजय मिश्रा टेनी के बेटे आशीष मिश्रा मुख्य आरोपी बनाए गए हैं।

News Reporter
पत्रकारिता के क्षेत्र में अपना करियर बनाने वाली निकिता सिंह मूल रूप से उत्तर प्रदेश के आजमगढ़ से ताल्लुक रखती हैं पिछले कुछ सालों से परिवार के साथ रांची में रह रहीं हैं और अब देश की राजधानी दिल्ली में अपनी सेवा दे रहीं हैं। नेशनल ब्रॉडकास्टिंग अकादमी से पत्रकारिता में स्नातक करने के बाद निकिता ने काफी समय तक राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली के न्यूज़ पोर्टल्स में काम किया। उन्होंने अपने कैरियर में रिपोर्टिंग से लेकर एंकरिंग के साथ-साथ वॉइस ओवर में भी तजुर्बा हासिल किया। वर्त्तमान में नमामि भारत वेब चैनल में कार्यरत हैं। बदलती देश कि राजनीती, प्रशासन और अर्थव्यवस्था में निकिता की विशेष रुचि रही है इसीलिए पत्रकारिता की शुरुआत से ही आम जन मानस को प्रभावित करने वाली खबरों पर पैनी नज़र रखती आ रही हैं। बेबाकी से लिखने के साथ-साथ खाने पीने का अच्छा शौक है। लोकतंत्र के चौथे स्तंभ में योगदान जारी है।
error: Content is protected !!