; 2 बार कांग्रेस की विधायक और एक अन्य कांग्रेस वरिष्ठ नेता आम आदमी पार्टी में शामिल
2 बार कांग्रेस की विधायक और एक अन्य कांग्रेस वरिष्ठ नेता आम आदमी पार्टी में शामिल

नई दिल्ली, कांग्रेस पार्टी की पूर्व विधायक अंजली राय और वरिष्ठ कांग्रेस नेता रविंद्र सिंह ने शनिवार को सैकड़ों कार्यकर्ताओं के साथ आम आदमी पार्टी का दामन थामा है। आम आदमी पार्टी के वरिष्ठ नेता और विधायक राघव चड्ढा ने टोपी और पटका पहनाकर पार्टी में स्वागत किया। राघव चड्ढा ने कहा कि मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल सरकार की शिक्षा, मुफ्त इलाज, मुफ्त बिजली, मुफ्त पानी, मुफ्त बस और मुफ्त तीर्थ यात्रा के मॉडल से प्रभावित होकर पार्टी में शामिल हुए हैं। इनके आने से आम आदमी पार्टी को मजबूती मिलेगी। इनके अनुभव और सामाजिक कार्यों का आम आदमी पार्टी लाभ उठा सकेगी। अंजली राय ने कहा कि नेतृत्व की कमी के कारण कांग्रेस पार्टी रास्ते से भटक गई है और कार्यकर्ता अपने मन से हार चुके हैं। वहीं रविंद्र सिंह ने कहा कि अरविंद केजरीवाल लोगों के दिल पर राज कर रहे हैं। अंजली राय ने आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल से भी मुलाकात की।

आम आदमी पार्टी के वरिष्ठ नेता और राजेंद्र नगर विधायक राघव चड्ढा ने कांग्रेस की पूर्व विधायक अंजली राय और कांग्रेस के वरिष्ठ नेता रविंद्र सिंह निर्वाल को आम आदमी पार्टी में शामिल कराया है। राघव चड्ढा ने कहा कि दिल्ली की राजनीति में कांग्रेस पार्टी को मजबूत करने में स्तंभ की भूमिका निभाने वाली दो बहुत बड़ी शख्सियत आम आदमी पार्टी में शामिल हो रही है। मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल के मॉडल से प्रभावित होकर कांग्रेस के नेता आम आदमी पार्टी में शामिल हुए हैं। केजरीवाल सरकार के अच्छी शिक्षा, मुफ्त इलाज, बिजली, पानी, बस और तीर्थ यात्रा के मॉडल से प्रभावित होकर पार्टी में शामिल हुए हैं। 

उन्होंने कहा कि समाज हित में एक-एक कर अच्छे लोग आम आदमी पार्टी में शामिल हो रहे है। जिनके मन में समाज, दिल्ली और देश के लिए कुछ करने की इच्छा है वह सब लोग अपनी पुरानी पार्टी को छोड़कर अरविंद केजरीवाल की आम आदमी पार्टी में आ रहे हैं। मुझे पूरा विश्वास है इन दोनों के आने से आम आदमी पार्टी को बहुत मजबूती मिलेगी। इनके अनुभव और सामाजिक कार्यों का आम आदमी पार्टी बहुत लाभ उठा सकेगी। अंजली राय 1998 से लेकर 2008 तक 2 बार कांग्रेस की विधायक रही हैं। एमएलए के अलावा कई क्षेत्रों में इन्होंने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। दिल्ली जल बोर्ड की 2004 से लेकर 2006 तक उपाध्यक्ष रहीं। इसके अलावा दिल्ली कमिशन फॉर वुमन की 2000 से 2004 तक अध्यक्ष रहीं। इसके साथ-साथ सेंट्रल कॉटेज इंडस्ट्री कॉरपोरेशन ऑफ इंडिया की 2012 से लेकर 2015 तक अध्यक्ष रहीं। इसके अलावा दिल्ली सरकार में परिवहन विभाग और पर्यटन विभाग की निदेशक रही हैं। इसके अलावा दिल्ली विधानसभा में कांग्रेस पार्टी की विप रही हैं। दिल्ली डिस्ट्रक्ट डेवलपमेंट कमिटी की 10 साल तक अध्यक्ष रहीं। इसके साथ-साथ कांग्रेस पार्टी को मजबूत करने में अंजली राय सक्रिय रहीं और बड़े-बड़े पदों पर रहकर काम किया। ऑल इंडिया महिला कांग्रेस की 1993 से 1996 तक महामंत्री रहीं। दिल्ली राज्य महिला कांग्रेस की 1996 से 2000 तक अध्यक्ष रहीं। इसके अलावा दिल्ली प्रदेश कांग्रेस कमेटी में 2013 से लेकर 2019 तक उपाध्यक्ष रहीं। इसके साथ कई चुनावों में राज्यों के पार्लियामेंट्री कंसिस्टेंसी की ऑब्जर्वर के तौर पर भी अंजली राय ने काम किया है। इन्होंने टीवी चैनल में न्यूज़ एंकर के तौर पर भी काम किया है। सामाजिक कार्यों के क्षेत्र में एनजीओ चला रही हैं। महिला सशक्तिकरण के लिए बहुत सारा काम सामाजिक और राजनीतिक क्षेत्रों में किया है। 

राघव चड्ढा ने कहा कि इसके अलावा राजेंद्र नगर विधानसभा क्षेत्र के जान-माने सामाजिक कार्यकर्ता और कांग्रेस के वरिष्ठ नेता रविंद्र सिंह निर्वाल शामिल हो रहे हैं। रविंद्र सिंह नारायण गांव के रहने वाले हैं। पूरे जिले में कांग्रेस पार्टी की रीढ़ की हड्डी बनकर काम किया। मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल के कामों से प्रभावित होकर आज आम आदमी पार्टी का दामन थाम रहे हैं। इनके आने से राजेंद्र नगर विधानसभा के साथ-साथ जिला स्तर और राज्य स्तर पर आम आदमी पार्टी को मजबूती मिलेगी। इन्होंने कांग्रेस पार्टी में कई बड़े पदों पर काम किया है। डॉक्टर भीमराव अंबेडकर समिति के अध्यक्ष रहे है। इसके अलावा कांग्रेस कमेटी, करोल बाग के उपाध्यक्ष रहे। दिल्ली प्रदेश कांग्रेस कमेटी के एससी विभाग के उपाध्यक्ष रहे हैं। इसके साथ-साथ कर्मचारी संगठनों में संयुक्त महासचिव, उपाध्यक्ष, अध्यक्ष की भूमिका में काम किया है। हमारे इलाके के बहुत बड़े सोशल वर्कर हैं। जिन्हें केवल राजनीतिक और प्रशासनिक तौर पर ही सम्मान नहीं मिला है बल्कि राष्ट्रपति द्वारा कई बार सम्मानित किया गया है। 

पूर्व विधायक अंजलि राय ने कहा कि मैं स्वतंत्रता सेनानियों के परिवार से आती हूं। मेरे दादा और पिता दोनों ही स्वतंत्रता सेनानी थे। मेरे पिता ने मुझे यह कहा था कि प्रभु भक्ति से भी बड़ी चीज होती है देश भक्ति। क्योंकि जब प्रभु भक्ति करते हैं तो कुछ चीजें मांगते हैं औऱ मोक्ष की कामना करते हैं। लेकिन जब आप देशभक्ति करते हैं तो उसमें सिर्फ देने का सोचते हैं। इसलिए देश भक्ति सबसे उत्तम है। यही सोचकर मैंने राजनीति में प्रवेश किया। जबकि पहले मैं न्यूज रीडर थी दूरदर्शन में काफी साल रही और पहला चुनाव मैंने मदन लाल खुराना के खिलाफ लड़ा था, जब वह मुख्यमंत्री बनने जा रहे थे। कांग्रेस पार्टी ने मुझे कहा कि आप चुनाव लड़िए। मैं थोड़ी सी हिचकी थी लेकिन मेरे पिता ने कहा कि समाज सेवा का मौका मिलेगा। हार भी जाओगी तो भी कोई बात नहीं होगी। इस तरह से मेरा राजनीति में प्रवेश हुआ। वह चुनाव में हार गई लेकिन उसके बाद मैंने 10 साल लगातार पहाड़गंज क्षेत्र से विधायक रही। मैं लगातार महिलाओं और समाज के लिए अपनी संस्था द्वारा काम करती रही। दिल्ली में स्टांप ड्यूटी में महिलाओं को 2 फीसदी की छूट मिली है, उसकी पहली बार सिफारिश सदन में मैंने की थी। उसे स्वीकार किया गया था। इसी तर्ज पर चलते हुए पूरे देश में लागू किया गयॉ। महिला आयोग की अध्यक्ष थी तो देखा कि पूरे विश्व में 1 फीसदी संपत्ति है महिलाओं के नाम है बाकी 90 फीसदी पुरूषों के नाम थी। इसमें बदलाव तभी हो सकता था जब कोई लाभ दिया जाए। मेरे सुझाव को मानते हुए सदन ने दो प्रतिशत की छूट स्टांप ड्यूटी में दी थी। इस तरह के काफी सारे काम किए। वुमन कमीशन जो कि एक सजेस्टेड बॉडी थी उसे हमने इंप्लीमेंटिंग एजेंसी बनाया। सेंट्रल कॉटेज इंडस्ट्री कॉर्पोरेसन ऑफ इंडिया जो हमेशा नुकसान में रहती थी उसे पहली बार घाटे से निकालकर लाभ में लेकर लाएं हैं। 

उन्होंने कहा कि पिछले कुछ वर्षों से मैं देख रही थी कि कांग्रेस पार्टी से रास्ते भटक गई है। पार्टी स्थिर हो गई है। कार्यकर्ताओं अपने ही मन से हार चुके हैं। कहीं ना कहीं नेतृत्व की कमी है। हम जैसे लोग समाज के लिए काम करना चाहते हैं लेकिन उन्हें मौका नहीं मिल रहा है। हमारा मन चाहता है कि जब तक हम जिंदा हैं तब तक समाज के लिए कुछ कार्य करते रहें। केजरीवाल जी के कार्यों को मैंने देखा कि सामाजिक क्षेत्रों में खासकर स्वास्थ्य, शिक्षा, बिजली, पानी के क्षेत्र में बहुत ज्यादा काम किया है। हर गरीब व्यक्ति आज उनको दुआएं देता है। हमारा सपना था कि ऐसी सरकार हो जो आम आदमी का तकलीफों को समझे और उनको दूर करे। मुझे लगा कि अगर मुझे काम करना है तो यह ऐसी पार्टी है जिससे मेरी विचारधारा मिलती है। इसलिए हम आज इसमें शामिल हो रहे हैं। आम आदमी पार्टी को पूरे मन से अपना रही हूं। मुझे यहां काम करने का मौका मिलेगा।

रविंद्र सिंह निर्वाल ने कहा कि अरविंद केजरीवाल ने जमीनी स्तर पर काम किए हैं। लोगों के दिल पर यदि कोई राज कर रहा है तो वह अरविंद केजरीवाल हैं। लोगों की बुनियादी परेशानी को यदि किसी ने दूर किया है तो वह आम आदमी पार्टी ने दूर किया है। केजरीवाल जी की नीतियों और जमीनी स्तर पर हो रहे कामों से प्रभावित होकर आम आदमी पार्टी में शामिल हो रहा हूं। आम लोगों के लिए आज तक किसी पार्टी ने नहीं सोचा वो आम आदमी पार्टी ने सोचा है। पार्टी में शामिल करने के लिए राघव चड्ढा का आभार प्रकट करना चाहूंगा। अगर किसी भी व्यक्ति से आज आप बात करेंगे तो वह केजरीवाल जी के बारे में ही बोलेंगे। वह कहेंगे कि केजरीवाल जो काम कर रहा है वह कोई नहीं कर सकता है। भाजपा ने बोला था कि बिजली के रेट कम कैसे होंगे लेकिन केजरीवाल जी ने वो रेट कम करके दिखाए है। इसके अलावा उन्होंने पानी फ्री दिया है और महिलाओं के लिए बस फ्री की हैं। उनको काम करने से रोका जा रहा है। आम आदमी पार्टी, जनता की पार्टी है, इसको बड़ी से बड़ी ताकत हरा नहीं सकती। आम आदमी पार्टी का जो भी कार्यभार मिलेगा मैं दिल से उसको निभाउंगा।

News Reporter
error: Content is protected !!