; मुलायम सिंह के जन्मदिन पर अखिलेश यादव ने लखनऊ से इटावा तक यूं मनाया जश्न - Namami Bharat
मुलायम सिंह के जन्मदिन पर अखिलेश यादव ने लखनऊ से इटावा तक यूं मनाया जश्न

समाजवादी पार्टी के संरक्षक मुलायम सिंह यादव के जन्मदिन के मौके पर सपा दफ्तर में धूमधाम से मनाया गया। इस दौरान सपा के वरिष्ठ नेताओं के साथ पार्टी प्रमुख अखिलेश यादव भी नजर आए। मुलायम सिंह के सपा कार्यालय पहुंचते ही कार्यकर्ता उत्साह से लबरेज होकर मुलायम सिंह यादव जिंदाबाद के नारे लगाने लगे। वहीं अखिलेश यादव पिता को शॉल भेंट करते दिखाई दिए।

सपा कार्यकर्ताओं ने मुलायम के जन्मदिन पर 83 किलो के दो और 51 किलो के एक लड्डू मंगवाए थे। कार्यकर्ताओं द्वारा किए गए काम को देखकर मुलायम सिंह यादव ने कहा कि मुझे खुशी तब होगी जब किसी गरीब का जन्मदिन भी इसी तरीके से मनाया जाएगा। इसके साथ उन्होंने कहा कि किसी गरीब का जन्मदिन मनाना तो मुझे जरुर बुलाना, मैं आऊंगा।

उन्होंने नौजवानों की बात करते हुए कहा कि हमारे नौजवान में जोश है, वही आगे ले जाएगा। आप लोग परिवर्तन की राजनीति को कामयाब बनाएं। बता दें कि मुलायम सिंह यादव के जन्मदिन पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और यूपी सीएम योगी आदित्यनाथ ने भी उन्हें शुभकामनाएं दी हैं।

पीएम नरेंद्र मोदी ने मुलायम को बधाई देते हुए लिखा – उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री मुलायम सिंह यादव जी को जन्मदिन की ढेरों शुभकामनाएं। देश की राजनीति में उन्होंने अपना महत्वपूर्ण योगदान दिया है। मैं उनके स्वस्थ और सुदीर्घ जीवन की कामना करता हूं। सीएम योगी ने ट्वीट किया – यूपी के पूर्व मुख्यमंत्री श्री मुलायम सिंह यादव जी को जन्मदिन की हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं। प्रभु श्रीराम से आपके उत्तम स्वास्थ्य व सुदीर्घ जीवन की कामना करता हूं।

प्रगतिशील समाजवादी पार्टी (लोहिया) के प्रमुख शिवपाल यादव ने अपने भाई के जन्मदिन पर लिखा कि हम सभी के प्रेरणा व ऊर्जा के स्रोत, सामाजिक न्याय के ध्वजवाहक और अपने जन संघर्षों की बदौलत संवेदनशील सियासत की बारात लिखने वाले आदरणीय नेताजी को जन्मदिन की हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं। गौरतलब है कि शिवपाल यादव ने अखिलेश के जन्मदिन पर सैफई में दंगल का आयोजन किया है।

जानकारी के लिए बता दें कि 22 नवंबर, 1939 में मुलायम सिंह यादव का जन्म इटावा जिले के सैफई गांव में हुआ था। 1967 में पहली बार मुलायम विधानसभा के सदस्य चुने गए व 1977 में राम नरेश यादव के नेतृत्व में उत्तर प्रदेश सरकार में पहली बार मंत्री बने थे।

News Reporter
पत्रकारिता के क्षेत्र में अपना करियर बनाने वाली निकिता सिंह मूल रूप से उत्तर प्रदेश के आजमगढ़ से ताल्लुक रखती हैं पिछले कुछ सालों से परिवार के साथ रांची में रह रहीं हैं और अब देश की राजधानी दिल्ली में अपनी सेवा दे रहीं हैं। नेशनल ब्रॉडकास्टिंग अकादमी से पत्रकारिता में स्नातक करने के बाद निकिता ने काफी समय तक राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली के न्यूज़ पोर्टल्स में काम किया। उन्होंने अपने कैरियर में रिपोर्टिंग से लेकर एंकरिंग के साथ-साथ वॉइस ओवर में भी तजुर्बा हासिल किया। वर्त्तमान में नमामि भारत वेब चैनल में कार्यरत हैं। बदलती देश कि राजनीती, प्रशासन और अर्थव्यवस्था में निकिता की विशेष रुचि रही है इसीलिए पत्रकारिता की शुरुआत से ही आम जन मानस को प्रभावित करने वाली खबरों पर पैनी नज़र रखती आ रही हैं। बेबाकी से लिखने के साथ-साथ खाने पीने का अच्छा शौक है। लोकतंत्र के चौथे स्तंभ में योगदान जारी है।
error: Content is protected !!