; सिध्दू- पाक जनरल का मेल, कांग्रेस का है खेलः भाजयुमो
सिध्दू- पाक जनरल का मेल, कांग्रेस का है खेलः भाजयुमो

नई दिल्ली।  दिल्ली भाजपा युवा मोर्चा के कार्यकर्ताओं ने पंजाब की कांग्रेस सरकार में मंत्री नवजोत सिंह सिद्धू द्वारा पाकिस्तान सैना को परोक्ष प्रोत्साहन एवं समर्थन दिये जाने के विरोध में आज नई दिल्ली स्थित कांग्रेस मुख्यालय पर प्रदर्शन किया और गिरफ्तारी दी। पुलिस उन्हें तुगलक रोड थाने ले गई।

दिल्ली युवा मोर्चा के अध्यक्ष सुनील यादव एवं दिल्ली भाजपा के उपाध्यक्ष राजीव बब्बर के नेतृत्व में भाजपा प्रवक्ता प्रवीण शंकर कपूर, युवा मोर्चा महामंत्री वासु रूक्खड एवं राम लखन सहित प्रदर्शनकारी अकबर रोड पर एकत्र हुये और वहां से नारे लगाते हुये कांग्रेस मुख्यालय के समीप पहुंचे जहां भारी पुलिस बल ने आगे बढ़ने से रोक दिया और गिरफ्तार किया।

युवा मोर्चा कार्यकर्ता “सिध्दू तूने यह क्या किया देश को शर्मसार किया“, “राहुल-अमरेन्दर होश में आओ सिध्दू से इस्तीफा दिलवाओ“, “सिध्दू-पाक जनरल का यह मेल कांग्रेस का है यह कैसा खेल,“ जैसे नारे लगाते हुये कांग्रेस मुख्यालय के समीप पहुंचे।  प्रदर्शन में युवा मोर्चा के जिलाध्यक्ष एवं पदाधिकारी रामखिलाड़ी यादव, अनुराग चंदेल, अनमोल राणा, अभिमन्यु त्यागी, अजय खन्ना, राहुल सचदेवा, आशीष चौधरी, कमल शर्मा, संदीप यादव, महेश मिश्रा, संदीप सहरावत आदि उपस्थित रहे।

प्रदर्शनकारियों को सम्बोधित करते हुये दिल्ली भाजपा उपाध्यक्ष राजीव बब्बर ने कहा कि मणिशंकर अय्यर सहित कांग्रेस के अनेक नेता समय-समय पर पाकिस्तान परस्तगी करते रहे हैं पर जिस तरह नवजोत सिंह सिध्दू ने पाकिस्तानी सेना अध्यक्ष के गले मिलकर भारतीय सैनिकों का अपमान किया है उसने हर भारतीय का शर्मसार किया है। हम मांग करते हैं कि कांग्रेस अविलम्ब नवजोत सिंह सिद्धू पर कार्रवाई करें।

दिल्ली भाजपा युवा मोर्चा अध्यक्ष सुनील यादव ने कहा कि नवजोत सिंह सिध्दू देश के जो युवा कभी अपना रोल माॅडल समझते थे वे आज खुद को शर्मिंदा महसूस कर रहे हैं, कश्मीर से कन्याकुमारी तक हर भारतीय का दिल नवजोत सिंह सिध्दू को पाकिस्तान सेना के अध्यक्ष से गले मिलते देखकर द्रवित हुआ है।

उन्होंने कहा कि यदि कांग्रेस को भारतीय नागरिकों एवं सैन्यकर्मियों की भावनाओं के प्रति सम्मान है तो पाकिस्तान की सेना को खुला समर्थन देने वाले नवजोत सिंह सिध्दू को अविलम्ब पंजाब सरकार और कांग्रेस से बर्खास्त करें।

News Reporter
error: Content is protected !!