; बंगाल में ममता बेनर्जी लिख रही इतिहास का काला अध्याय-भाजपा
बंगाल में ममता बेनर्जी लिख रही इतिहास का काला अध्याय-भाजपा

नितिन उपाध्याय/रवि..बंगाल में सत्ताधारी तृणमूल कांग्रेस द्वारा भाजपा कार्यकर्ताओं पर किये जा रहे अत्याचारों एवं बीते मई माह में दो कार्यकर्ताओं की निर्मम हत्या के विरोध में आज नई दिल्ली स्थित तृणमूल कांग्रेस के कार्यालय पर भाजपा ने एक सप्ताह के प्रदर्शन की श्रृंखला प्रारम्भ की है।

आज भाजपा कार्यकर्ता तीन मूर्ति चौंक पर एकत्र हुये और वहां से “बंगाल में राजनीतिक हत्यायें, बंद करो बंद करो“, बंगाल का नरसंहार नहीं सहेगा हिन्दुस्तान“ जैसे नारे लगाते हुये साउथ एवेन्यू स्थित तृणमूल कांग्रेस कार्यालय के समीप पहुंचे जहां भारी पुलिस बल ने उन्हें रोक दिया।

भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष मनोज तिवारी ने अपने संबोधन का प्रारम्भ बंगाली में “ममता बनर्जी चोलबे ना“ के उद्घोष से किया और कहा कि ममता बनर्जी बंगाल में हिटलर की पर्याय बन गईं हैं जिनके शासन में विपक्ष और वैचारिक विरोध के लिए कोई स्थान नहीं है। भारत का संविधान धर्म निरपेक्षता की बात करता है पर बंगाल की सीएम ममता बनर्जी अपना राजनीतिक हित साधने के लिए धार्मिक तुष्टिकरण की राजनीति को बढ़ावा देती हैं और आज वह न सिर्फ बंगाल बल्कि देश में धार्मिक तुष्टिकरण का प्रतीक बन गई हैं।  

उनके शासन में लड़ाई नक्सलवाद से नहीं राष्ट्रवाद से हो रही है। जो कुछ बंगाल में चल रहा है वह केरल में हुई हिंसा की पुनरावृत्ति है और देश, तृणमूल कांग्रेस एवं माक्रवादियों के इस मिले जुले हिंसा कांडों को स्वीकार नहीं करेगा।

भाजपा सांसद रूपा गांगुली ने कहा कि बंगाल में ममता बनर्जी के शासन में जो कुछ आज हो रहा है वह बंगाल के इतिहास का काला अध्याय है। भारत विश्व का सबसे बड़ा लोकतंत्र है पर बंगाल में आज ऐसी स्थिति बन गई है कि यदि किसी गांव से तृणमूल कांग्रेस के स्थान पर किसी और दल को समर्थन मिलता है तो उस गांव को सरकारी योजनाओं से वंचित कर दिया जाता है और क्षेत्रीय नेता वहां हिंसा का खुला तांडव चलाते हैं जिस पर पुलिस मूक दर्शक बनी रहती है।

वहीं बंगाल की सीएम ममता को आड़े हाथों लेते हुए सांसद रमेश बिधूड़ी ने भी कहा कि यह कहने में कोई अतिश्योक्ति नहीं होगी कि बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी अपने पूर्ववर्ती माक्र्सवादी शासन के पदचिन्हों पर चल रही हैं और जो राजनीतिक हिंसा हम वहां देख रहे हैं वह उसकी का परिणाम है।  

इसके अलावा दिल्ली भाजपा के बड़े नेताओं ने भी अपने अपने संबोधन में बंगाल की सीएम पर जमकर हिंसा करवाने के आरोप लगाए। भाजपा के इस प्रदर्शन में सांसद रूपा गांगुली, रमेश बिधूड़ी, प्रदर्शन संयोजक एवं प्रदेश महामंत्री रविन्द्र गुप्ता, सतेन्द्र सिंह, विक्रम बिधूड़ी और  शोभा उपाध्याय, महरौली जिला अध्यक्ष आजाद सिंह एवं दक्षिणी दिल्ली जिला अध्यक्ष रोहताश कुमार, भाजपा पदाधिकारी मोहन सिंह बिष्ट, वीरेन्द्र बब्बर एवं  सत्यनारायण गौतम सहित बड़ी संख्या में दक्षिणी दिल्ली संसदीय क्षेत्र के भाजपा कार्यकर्ता सम्मिलित हुये।

News Reporter
error: Content is protected !!