; कांग्रेस की वजह से मोदी अधिक ताकतवर हो रहे, केंद्र पर लगाया दादागिरी का आरोप- ममता बनर्जी - Namami Bharat
कांग्रेस की वजह से मोदी अधिक ताकतवर हो रहे, केंद्र पर लगाया दादागिरी का आरोप- ममता बनर्जी

बीते दिनों हुए पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव में तीसरी बार जीत दर्ज कर सत्ता पर काबिज होने वाली ममता बनर्जी के हौसले बुलंद हैं। अब वे पार्टी का विस्तार करने में जुटी हैं। इसी कड़ी में गोवा पहुंची ममता बनर्जी ने भाजपा के साथ ही कांग्रेस पर भी जमकर हमला बोला और कहा कि कांग्रेस की वजह से ही मोदी ताकतवर बने हैं।

बता दें शनिवार को गोवा में मीडियाकर्मियों को संबोधित करते हुए ममता बनर्जी ने भाजपा पर जमकर निशाना साधा और कहा कि अब दिल्ली की दादागिरी बहुत हुई। साथ ही उन्होंने कांग्रेस पर भी हमला बोला। ममता बनर्जी ने कहा कि कांग्रेस के निर्णय न ले पाने का अंजाम पूरा देश भुगत रहा है। वे राजनीति को गंभीरता से नहीं लेते। कांग्रेस की वजह से मोदी जी और अधिक ताकतवर हो रहे हैं। अगर कोई निर्णय नहीं ले सकता तो उसके लिए देश को क्यों भुगतना चाहिए?

इसके अलावा ममता बनर्जी ने कहा कि कांग्रेस को पहले भी मौका मिला। लेकिन उन्होंने भाजपा के खिलाफ लड़ने के बजाय वे मेरे राज्य में मेरे खिलाफ लड़े। उन्होंने मेरे खिलाफ चुनाव लड़ा, बंगाल में उन्होंने टीएमसी के खिलाफ चुनाव लड़ा। साथ ही उन्होंने एक सवाल के जवाब में कहा कि मैं कांग्रेस के बारे में चर्चा नहीं करने जा रही हूं क्योंकि यह मेरी पार्टी नहीं है। मैंने अपना क्षेत्रीय दल बनाया है और किसी से समर्थन लिए बिना हमने तीन बार सरकार बनाई। उन्हें फैसला करने दीजिए। यह मेरा तरीका भी है, मैं किसी भी अन्य पार्टी के कामकाज में दखल नहीं देती हूं। मैं अपने पार्टी के बारे में कह सकती हूं और हमारी लड़ाई जारी रहेगी। हम भाजपा के आगे घुटने टेकने वाले नहीं हैं।

इस दौरान उन्होंने क्षेत्रीय दलों के मजबूत होने की वकालत पर की। ममता बनर्जी ने कहा कि हम अब दिल्ली की दादागिरी नहीं चाहते हैं। मैं चाहती हूं कि क्षेत्रीय दलों को मजबूत होना चाहिए। हम चाहते हैं कि संघीय ढांचा मजबूत हो। हमें राज्यों को मजबूत बनाना चाहिए, अगर राज्य मजबूत होंगे तो केंद्र भी मजबूत होगा। 

इसके अलावा ममत बनर्जी ने कहा कि हमने आगामी विधानसभा चुनाव में विजय सरदेसाई की गोवा फॉरवर्ड पार्टी के साथ चुनाव लड़ने का फैसला किया है। साथ ही उन्होंने कहा कि वे छोटी पार्टियों के विलय करने के पक्ष में नहीं हैं। वहीं विजय सरदेसाई ने कहा कि भाजपा के भ्रष्ट और सांप्रदायिक शासन को समाप्त करने के लिए विपक्षी एकता की जरूरत है। हमें अगले साल होने वाले गोवा विधानसभा चुनाव को लेकर भी गंभीर होने की जरूरत है। 

News Reporter
पत्रकारिता के क्षेत्र में अपना करियर बनाने वाली निकिता सिंह मूल रूप से उत्तर प्रदेश के आजमगढ़ से ताल्लुक रखती हैं पिछले कुछ सालों से परिवार के साथ रांची में रह रहीं हैं और अब देश की राजधानी दिल्ली में अपनी सेवा दे रहीं हैं। नेशनल ब्रॉडकास्टिंग अकादमी से पत्रकारिता में स्नातक करने के बाद निकिता ने काफी समय तक राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली के न्यूज़ पोर्टल्स में काम किया। उन्होंने अपने कैरियर में रिपोर्टिंग से लेकर एंकरिंग के साथ-साथ वॉइस ओवर में भी तजुर्बा हासिल किया। वर्त्तमान में नमामि भारत वेब चैनल में कार्यरत हैं। बदलती देश कि राजनीती, प्रशासन और अर्थव्यवस्था में निकिता की विशेष रुचि रही है इसीलिए पत्रकारिता की शुरुआत से ही आम जन मानस को प्रभावित करने वाली खबरों पर पैनी नज़र रखती आ रही हैं। बेबाकी से लिखने के साथ-साथ खाने पीने का अच्छा शौक है। लोकतंत्र के चौथे स्तंभ में योगदान जारी है।
error: Content is protected !!