; अमेरिकी विश्वविद्यालय द्वारा सी.एम.एस. छात्र को 1,20,000 अमेरिकी डालर की स्कॉलरशिप
अमेरिकी विश्वविद्यालय द्वारा सी.एम.एस. छात्र को1,20,000 अमेरिकी डालर की स्कॉलरशिप

लखनऊ, 2 मार्च। सिटी मोन्टेसरी स्कूल, गोमती नगर (प्रथम कैम्पस) के छात्र समर्थ को उच्चशिक्षा हेतु अमेरिका की प्रतिष्ठित मिशीगन स्टेट यूनिवर्सिटी द्वारा 1,20,000 अमेरिकी डालर की स्कॉलरशिप से नवाजा गया है। समर्थ को यह स्कॉलरशिप चार वर्षीय उच्चशिक्षा अवधि के दौरान प्रदान की जायेगी। इसके अलावा, अमेरिका के तीन अन्य प्रतिष्ठित विश्वविद्यालयों यूनिवर्सिटी ऑफ यूटाह, यूनिवर्सिटी ऑफ मिनेसोटा एवं एरिजोना स्टेट यूनिवर्सिटी ने भी सी.एम.एस. के इस प्रतिभाशाली छात्र को अपने यहाँ उच्चशिक्षा हेतु आमन्त्रित किया है। इस प्रकार, सी.एम.एस. के एक और प्रतिभाशाली छात्र ने अपनी शैक्षणिक प्रतिभा के दम पर लखनऊ का नाम अन्तर्राष्ट्रीय पटल पर गौरवान्वित किया है। समर्थ ने अपनी इस सफलता का श्रेय सी.एम.एस. के अपने शिक्षकों व विद्यालय के शान्तिपूर्ण शैक्षिक वातावरण को दिया है। सी.एम.एस. संस्थापक डा. जगदीश गाँधी ने सी.एम.एस. छात्र की सफलता पर हार्दिक प्रसन्नता व्यक्त करते हुए उसके उज्जवल भविष्य की कामना की है।

प्रतिवर्ष सी.एम.एस. के 100 से अधिक मेधावी छात्र विश्व के सर्वश्रेष्ठ विश्वविद्यालयों में उच्चशिक्षा हेतु चयनित होते हैं। इस वर्ष अभी तक सी.एम.एस. के 60 से अधिक छात्रों ने अमेरिका, इंग्लैण्ड, कैनडा, आस्ट्रेलिया, जापान, सिंगापुर, जर्मनी आदि विभिन्न देशों के ख्यातिप्राप्त विश्वविद्यालयों जैसे कैम्ब्रिज यूनिवर्सिटी, कैलीफोर्निया इन्स्टीट्यूट ऑफ टेक्नोलॉजी (कैलटेक), मैसाचुसेट्स इन्स्टीट्यूट ऑफ टेक्नोलॉजी (एम.आई.टी.), स्टेनफोर्ड यूनिवर्सिटी, कार्नेल यूनिवर्सिटी, मेलबर्न यूनिवर्सिटी एवं नेशनल यूनिवर्सिटी ऑफ सिंगापुर आदि में स्कॉलरशिप के साथ चयनित होकर लखनऊ का नाम रोशन किया है।

News Reporter
error: Content is protected !!