; ठाकुर विधायक को जूतों से पीटने वाले सांसद के निधन पर CM Yogi ने नहीं जताया शोक !
ठाकुर विधायक को जूतों से पीटने वाले सांसद के निधन पर CM Yogi ने नहीं जताया शोक !

भारतीय जनता पार्टी के पूर्व सांसद शरद त्रिपाठी का बुधवार रात गुरुग्राम के मेदांता अस्पताल में लंबी बीमारी के बाद निधन हो गया। शुक्रवार को अयोध्या में उनका अंतिम संस्कार विधि-विधान से किया जाएगा। शरद त्रिपाठी की मौत के बाद सियासी गलियारों में शोक की लहर दौड़ गई है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, रक्षामंत्री राजनाथ, गृहमंत्री अमित शाह समेत बीजेपी के सभी दिग्गज नेताओं ने शरद त्रिपाठी को श्रद्धांजलि अर्पित की है। लेकिन उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का दिवंगत शरद को याद करने का तरीका चर्चा में आ गया है। दरअसल, सीएम योगी ने अपने व्यक्तिगत ट्विटर अकाउंट से शरद त्रिपाठी के लिए एक भी ट्विट नहीं किया है। हालांकि, योगी आदित्यनाथ ऑफिस ट्विटर हैंडल से पूर्व सांसद को श्रद्धांजलि अर्पित की गई है।

पूरा दिन एक्टिव रहा सीएम योगी का ट्विटर अकाउंट

गुरुवार को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का ट्विटर अकाउंट पूरा दिन एक्टिव रहा। उन्होंने चार्टेड अकाउंट दिवस की बधाई दी तो पीपल का पौधा लगाते हुए तस्वीर भी साझा की। इसके अलावा उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ट्विट को रिट्विट भी किया। वहीं सबसे अहम बात उन्होंने अपने आधिकारिक ट्विटर अकाउंट से चिर-प्रतिद्वंदी राजनेता अखिलेश यादव को जन्मदिन की बधाई दी और उनके लिए भगवान से लंबी उम्र की दुआ की। साथ ही उन्होंने भारत के उपराष्ट्रपति वेंकैया नायडू को भी जन्मदिन की शुभकामनाएं प्रेषित की।

लेकिन मुख्यमंत्री ने अपने आधिकारिक ट्विटर अकाउंट से दिवंगत बीजेपी नेता शरद त्रिपाठी को श्रद्धांजलि देना उचित नहीं समझा। सीएम योगी की यह गतिविधि आने वाले दिनों में प्रदेश में खूब चर्चा में रहने वाली है। जिस पर उन्होंने ब्राह्मण विरोधी का तमगा दिया जा सकता है। गौरतलब है, पिछले साल यूपी बीजेपी  के प्रदेश उपाध्यक्ष उपेंद्र दत्त शुक्ला के निधन के बाद मुख्यमंत्री ने उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित नहीं की थी। जिसके बाद सोशल मीडिया पर उन्हें ब्राह्मण विरोधी कहा जाने लगा था।

हालांकि, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के ऑफिस वाले ट्विटर अकाउंट से शरद त्रिपाठी को श्रद्धांजलि अर्पित की गई। इस ट्विट को गुरुवार सुबह 8 बजे  किया गया है। जिसमें लिखा है – संतकबीरनगर से भाजपा के पूर्व सांसद श्री शरद त्रिपाठी जी का असामयिक निधन अत्यंत दुःखद है। प्रभु श्री राम से प्रार्थना है कि शोकाकुल परिजनों को यह दारुण दुःख सहने की शक्ति व दिवंगत आत्मा को अपने श्री चरणों में स्थान प्रदान करें। ॐ शांति

पीएम मोदी और रक्षा मंत्री ने किया नमन

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सुबह 8 बजकर 53 मिनट पर ट्विट कर शरद त्रिपाठी को श्रद्धांजलि अर्पित की। प्रधानमंत्री ने उनके सामाजिक कार्यों की तारीफ की, साथ ही उन्होंने संत कबीर के विचारों को फैलाने के लिए भी उनकी प्रशंसा की।

वहीं रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने ट्विट कर अपने चहेते शरद को भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की। रक्षामंत्री ने अपने ट्विट संदेश में लिखा – पूर्व सांसद और भाजपा नेता, श्री शरद त्रिपाठी के निधन का समाचार बेहद पीड़ादायक है। एक जन प्रतिनिधि के रूप में उन्होंने हमेशा बड़े प्रभावी तरीक़े से जनता की बात को उठाया। वे सीधे ज़मीन से जुड़ कर काम करते थे। उनके निधन से पार्टी ने एक कर्मठ, जुझारू और युवा कार्यकर्ता खो दिया है।

News Reporter
पंकज चतुर्वेदी 'नमामि भारत' वेब न्यूज़ सर्विस में समाचार संपादक हैं। मूल रूप से गोंडा जिले के निवासी पंकज ने अपना करियर अमर उजाला से शुरू किया। माखनलाल लाल चतुर्वेदी पत्रकारिता विश्वविद्यालय से पत्रकारिता में परास्नातक पंकज ने काफी समय तक राष्ट्रीय राजधानी में पत्रकारिता की और पंजाब केसरी के साथ काम करते हुए राष्ट्रीय राजनीति को कवर किया है। लेकिन मिट्टी की खुशबू लखनऊ खींच लाई और लोकमत अखबार से जुड़कर सूबे की सियासत कवर करने लगे। 2017 में पंकज ने प्रिंट मीडिया से इलेक्ट्रॉनिक मीडिया की तरफ रुख किया। उत्तर प्रदेश के प्रतिष्ठित चैनल न्यूज वन इंडिया से जुड़कर पंकज ने प्रदेश की राजनीतिक हलचलों को करीब से देखा समझा। 2018 से मार्च 2021 तक जनतंत्र टीवी से जुड़े रहें। पंकज की राजनीतिक ख़बरों में विशेष रुचि है इसीलिए पत्रकारिता की शुरुआत से ही पॉलिटिकल रिपोर्टिंग की तरफ झुकाव रहा है। वह उत्तर प्रदेश की राजनीति की बारीक समझ रखते हैं।
error: Content is protected !!